प्रत्येक सभ्यता व धर्म ने संभवतः इस बात को स्वीकार किया है की ब्रह्माण्ड या इस सृष्टि की उत्पत्ति एक कंपन या नाद से हुई है। इस प्रकार ब्रह्माण्ड की हर वस्तु में एक कंपन या आवृत्ति होनी चाहिये। इसमें समस्त जगत जिसमे हम स्वयं भी शामिल होते है। हमारे अनुभव करने की क्षमताओं को ध्वनि आवृत्तियां चमत्कारिक रूप से प्रभावित करती हैं। इसलिए विभिन्न प्रकार के गीत और संगीत से अक्सर हमारे अंदर विशिष्ट प्रकार की भावनाएं उत्पन्न होती हैं। यदि विशेष नियंत्रित रूप में ध्वनि आवृत्तियो को प्रयोग किया जाये तो इसका हमारे शारीरिक और मानसिक संरचना पर सकारात्मक या नकारात्मक प्रभाव पड़ सकता है। इसी पद्धति का एक प्रयोग “ध्वनि उपचार” के रूप में भी किया जाता है। जो एक प्राचीन उपचार तकनीक है। इसमें शरीर और मन को कंपन आवृत्तियों के माध्यम से संतुलित और सद्भाव की स्थिति में लाने के लिए उपयोग किया जाता है।
यह कैसे काम करता है ?
एक “ध्वनि उपचार” सत्र के दौरान, जिसे ध्वनि स्नान के रूप में भी जाना जाता है। आप आमतौर में भूमि पर योगा मैट या कोई भी आरामदायक कंबल आदि पर लेट जाते हैं। अपनी आँखे बंद करके कुछ विशेष ध्वनि को सुनते हैं, जिसे विशिष्ट रूप से एक क्रम के अनुसार बजाया जाता है। जिसमे एक या विभिन्न प्रकार के वाद्ययंत्र शामिल हो सकते है। इस स्थिति में आप आनदं दायक ध्वनियों और कंपनों में स्नान करते है। ध्वनि आवृत्ति तब मस्तिष्क तरंगों को एक गहरे बहाव की स्थिति में धीमा कर देती है, जो शरीर की स्व-उपचार की प्रणाली को सक्रिय करती है।
सिंगिंग बाउल्स, ट्यूनिंग फोर्क, ड्रम, शंख आदि ऐसे उपकरण हैं जिनका प्रायः इन सत्रों में उपयोग किया जाता हैं। प्रत्येक उपकरण एक अलग उद्देश्य को पूरा करता है। “क्रिस्टल बाउल्स” हमारे शरीर के सात चक्रों की ग्रंथियों के अनुरूप बनाये जाते हैं। इनकी ध्वनि शरीर को तनाव मुक्त करने में मदद करता है और ग्रंथियों तथा तंत्रिका तंत्र को उत्तेजित करती है। विभिन्न मंत्रो का जप भी एक विशेष ध्वनि आवृत्ति का निर्माण करता है। इस बात को हमारे धर्म के प्राचीन ऋषि मुनि बहुत पहले जान चुके थे इसीलिए उन्होंने मंत्र जाप को कर्मकाण्ड, पूजा पाठ का अभिन्न भाग बना दिया है। वर्त्तमान में वैज्ञानिक भी वैदिक मंत्रो के पीछे छिपे रहस्यों पर तमाम शोध कर रहे है।
इससे होने वाले लाभ
- इससे पूर्ण विश्राम की अवस्था प्राप्त होती है
- यह ऊर्जाप्रवाह के मार्ग की बाधा को दूर करने में सहायक है
- यह आपके स्वास्थ्य को बेहतर करता है
- यह मानसिक, भावनात्मक और आध्यात्मिक कल्याण में सहायक है
(1) इससे पूर्ण विश्राम की अवस्था प्राप्त होती है
“गहन विश्राम” ध्वनि चिकित्सा के सबसे महत्वपूर्ण और सार्वभौमिक लाभों में से एक है। ध्वनियां हमारे सिस्टम को वापस एक समरसता में लौटाती हैं। इसलिए यदि आपको ध्वनि उपचार सत्र से कुछ भी प्रत्यक्ष अनुभव नहीं होता है तो फिर भी आपके अवचेतन मन पर इसका प्रभाव अवश्य पड़ता है। वर्त्तमान आधुनिक दुनिया में मानव के जीवन में वयस्तता और दौड़ भाग भरी जीवन शैली चल रही है। जिसके कारण एक तनाव भरा जीवनयापन करना पड़ रहा है, इस पद्धति से मानसिक तनाव भी काफी हद तक दूर कर सकते है।
(2) यह ऊर्जा के मार्ग की बाधा को दूर करने में सहायक है
कुछ लोग साउंड हीलिंग के दौरान गहरी हीलिंग का अनुभव करते हैं क्योंकि ध्वनि कंपन उनके चक्रों को खोलते हैं, साफ करते हैं, और संतुलित करते हैं और अटकी हुई ऊर्जा का बहाव सुनिश्चित करते हैं। इसे “गहरी ऊतक मालिश” के रूप में समझा जा सकता है जो आपको संतुलित और पुनः ऊर्जा से भरने का एहसास कराता है। जब यह उपचार होता है, तो आप अपने हाथों में झुनझुनी जैसी शारीरिक संवेदनाओं को भी महसूस कर सकते हैं या गर्म या ठंडे होने की संवेदना का अनुभव कर सकते हैं
(3) यह आपके स्वास्थ्य को बेहतर करता है
यह बात सिर्फ लुभाने के लिए नहीं कही जा रही है। वास्तव में विभिन्न प्रकार के शोध ने पहले ही प्रमाणित किया है कि रोगियों के साथ उनका इलाज करते समय ध्वनि उपचार अविश्वसनीय रूप से लाभकारी हो सकता है। जिसके परिणाम स्वरुप बेहतर नींद, पुराने दर्द में राहत, ब्लड प्रेशर में कमी, कम कोलेस्ट्रॉल, और हृदय रोग का कम जोखिम शामिल हो सकता है। (हालांकि, इन बीमारियों में सहायता के लिए, पहले किसी प्रमाणित चिकित्सक से अवश्य परामर्श लेना चाहिये)
(4) यह मानसिक, भावनात्मक और आध्यात्मिक कल्याण में सहायक है
यह मानसिक और भावनात्मक स्तर को भी संतुलित करता है। ध्वनि उपचार तनाव, चिंता और अवसाद को कम करने में मदद करता है। यह मन को संतुलित और शांत करता है और एकाग्रता, कल्याण, शांति, और आनदं की एक नई अनुभूति की ओर ले जाता है।
ध्वनि उपचार सत्र से क्या अपेक्षा होती है
अधिकांश वैकल्पिक उपचार पद्धतियों और ध्यान अवस्थाओं की तरह, हर किसी का अनुभव भिन्न होता है। प्रत्येक सत्र में नई चीजें सामने आ सकती हैं। ध्वनि उपचार के दौरान अधिकांश लोग बहुत आराम और शांति महसूस करेंगे; कुछ में विज़ुअलाइज़ेशन हो सकता है, रचनात्मक विचार प्राप्त हो सकते हैं, या भावनात्मक नियंत्रण प्राप्त हो सकता है। कुछ लोग “उस स्थान” पर जा सकते हैं, जिसे एक अद्भुत मानसिक स्थिति बताई जाती हैं। यह वह मानसिक स्थिति होती है जिसमें आप पूरी तरह से जागृत नहीं होते हैं और पूरी तरह से निद्रा में भी नहीं होते हैं। ऐसा प्रतीत होता है कि आप समय और स्थान के माध्यम में शांति से तैर रहे हैं। इसमें कुछ विशिष्ठ लोगो को “ध्वनि स्नान” के माध्यम से एक दिव्य अद्वितीय अनुभूति का एहसास होता है जो सामान्य लोगो के अनुभव से परे हो सकता हैं।



